पटना:- महामहिम राज्यपाल श्री राजेन्द्र विश्वनाथ आर्लेकर राजभवन, पटना के राजेन्द्र मंडप में ’एक भारत श्रेष्ठ भारत’ के तहत आयोजित महाराष्ट्र दिवस कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारत के विभिन्न राज्यों में संस्कृति के अलग-अलग रंग और पहलू हमें दिखाई पड़ते हैं, परंतु हमारा देश सांस्कृतिक और वैचारिक रुप से एक है। पूरे भारत की मिट्टी और उसकी खुशबू एक है।
उन्होंने ’एक भारत श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि इससे भारत के सभी राज्य एक-दूसरे की सांस्कृतिक विविधताओं से अवगत हो सकेंगे। इससे देश की राष्ट्रीय एकता और अखंडता मजबूत होगी तथा भारत की संस्कृति एवं अन्य विभिन्न पहलुओं को संपूर्णता में समझने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि एक भारत श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के तहत ही तमिलनाडु के 45 छात्र-छात्राएँ एवं 04 प्राध्यापक फिलहाल बिहार के भ्रमण पर हैं।
राज्यपाल ने कहा कि बिहार और महाराष्ट्र के लोग एक-दूसरे राज्य की आर्थिक प्रगति में योगदान दे रहे हैं। इसी प्रकार भारत के अन्य राज्यों में भी विभिन्न प्रदेशों के लोग वहाँ की अर्थव्यवस्था में योगदान दे रहे हैं। इस प्रकार समस्त भारतवासी विभिन्न राज्यों में कार्य करते हुए भारत की प्रगति में अपनी भूमिका निभा रहे हैं।
राज्यपाल ने कार्यक्रम में शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस अवसर पर मराठी संस्कृति पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया
गया।
कार्यक्रम में बिहार विधान परिषद के माननीय सभापति श्री देवेश चन्द्र ठाकुर, राज्यपाल के प्रधान सचिव श्री रॉबर्ट एल॰ चोंग्थू, बिहार में पदस्थापित महाराष्ट्र के वरीय पदाधिकारीगण, महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष श्री जयचंद पवार, सचिव श्री संजय जगन्नाथ भोंसले एवं सदस्यगण, बिहार में रह रहे महाराष्ट्र के महानुभावगण एवं उनके परिजन,
राज्यपाल सचिवालय के पदाधिकारीगण एवं अन्य लोग उपस्थित थे ।
